कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में कोरबा पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबारियों पर बड़ा प्रहार किया है। उरगा एवं कुसमुंडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लगभग 16 टन लोहे का कबाड़ और 4 वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका एवं वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 13.40 लाख रुपये है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक, नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया।
थाना प्रभारी उरगा निरीक्षक नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कसडोल स्थित एक बंद परिसर में दबिश दी। पंचों की उपस्थिति में तलाशी के दौरान भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ बरामद हुआ। कार्रवाई में एक माजदा डीआरएस पिकअप, एक 407 ट्रक एवं एक अन्य ट्रक से कुल लगभग 14 टन लोहे का कबाड़ और मोटरसाइकिल के कटे-पार्ट्स मिले। तीनों वाहन भी जब्त कर लिए गए। उरगा पुलिस द्वारा जब्त मशरूका एवं वाहनों की कुल कीमत 12.60 लाख रुपये आंकी गई है।
दिनांक 07.06.2026 को थाना कुसमुंडा पुलिस को सूचना मिली कि वैशालीनगर जरहाझेल 06 नंबर बेरियर मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप लावारिस हालत में खड़ी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पिकअप क्रमांक CG-10-E-8576 में लोहे की जाली, पाइप, रोलर सहित लगभग 2 टन लोहे का कबाड़ भरा मिला। पुलिस को देख वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वाहन और कबाड़ के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में जब्त कबाड़ संदिग्ध एवं लावारिस प्रकृति का पाया गया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर समस्त मशरूका को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। दोनों थाना क्षेत्रों में कुल 16 टन कबाड़ और 4 वाहन जब्त किए गए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
कोरबा पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कबाड़ चोरी, अवैध परिवहन एवं संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में अपराधियों एवं अवैध कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कोरबा पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, चोरी के माल के अवैध कारोबार या अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि आपकी सतर्कता अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
korba
korba
korba