स्नेहा हॉस्पिटल में तेंदुआ घुसने से हड़कंप की स्थिति बनी रही।
- फोटो : अमर उजाला
कवर्धा शहर में स्थित स्नेहा हॉस्पिटल में तेंदुआ घुसने की खबर सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े सुबह करीब 11 बजे तेंदुए की मौजूदगी की सूचना से अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हॉस्पिटल परिसर में मौजूद यशोदा बाई नाम की एक महिला को तेंदुए ने अपना निशाना बनाते हुए पंजा मारकर घायल कर दिया। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। वनकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए को फिलहाल हॉस्पिटल के ही एक बाथरूम में बंद कर दिया है।
अस्पताल के बाथरूम में बंद हुआ तेंदुआ
अस्पताल में तेंदुए के घुसने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच खौफ का माहौल बन गया। तेंदुए के हमले में घायल महिला का इलाज कराया जा रहा है, हालांकि महिला किस परिस्थिति में घायल हुई इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वन विभाग के अधिकारियों ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से कदम उठाते हुए तेंदुए को अस्पताल के एक बाथरूम में कैद कर दिया है। इसके साथ ही तेंदुए को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने के लिए बिलासपुर से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम कवर्धा के लिए रवाना कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन की टीम पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
ये भी पढ़ें-
महापौर जी ये कैसी शिफ्टिंग?: रायपुर नगर निगम ने बिना मूलभूत सुविधाओं के ही शिफ्ट कर दिया भाठागांव हॉट बाजार
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई तेंदुए की गतिविधि
स्नेहा हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तेंदुए की पूरी हलचल रिकॉर्ड हुई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तेंदुआ ऊपर की सीढ़ियों से नीचे उतरकर हॉस्पिटल के पार्किंग एरिया में पहुंचता है। इसके बाद वह इधर-उधर भागते हुए बाहर की दिशा में निकलता नजर आ रहा है। दिनदहाड़े शहर के घने इलाके में स्थित अस्पताल के भीतर तेंदुए के पहुंचने से आसपास के निवासियों में भारी भय व्याप्त हो गया है।
रेस्क्यू अभियान में जुटी वन विभाग की टीम
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) के नेतृत्व में विभाग की टीम तेंदुए की तलाश और उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने के काम में पूरी तत्परता से जुटी हुई है। वन विभाग की टीम संभावना जता रही है कि तेंदुआ रेवाबंद तालाब या उसके आसपास मौजूद गौशाला क्षेत्र में हो सकता है। रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी प्रकार का व्यवधान न पड़े और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके, इसके लिए वन विभाग की टीम भीड़ को लगातार वहां से हटा रही है।