कार्तिक पूर्णिमा पर नदी-तालाबों में स्नान फलदायी होता है। ऐसे में आज 24 नवंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी महादेवघाट रायपुर में खारून नदी तट पर स्नान के लिये आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है। लोग सुबह-सुबह स्नान करने पहुंचे। ज्योतिषाचार्य पंडित प्रियशरण त्रिपाठी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को भगवान विष्णु ने त्रिपुरासुर राक्षस का वध किया था। इस राक्षस का वध करके तीनों लोकों को पापों से मुक्त किया था। इस दिन लोगों ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था, इसीलिए इसे देव दीपावली भी कहते हैं। माना जाता है कि भगवान विष्णु ने इसी दिन वेदों की रक्षा के लिए मत्स्य अवतार लिया था। इस दिन भगवान विष्णु और लक्ष्मी माता का पूजन एक साथ किया जाता है। इस बार देव दीपावली 24 नवंबर को है। रात 8:24 तक पूर्णिमा रहेगी। इसलिए लिहाज से देखा जाए तो देवी-देवताओं की पूजा, नदी-तालाबों में स्नान सभी प्रकार के पापों से मुक्ति दिलाते हैं।
पंडित प्रियशरण त्रिपाठी ने बताया कि ग्रह शांति या किसी प्रकार की खरीदारी इस दिन किया जा सकता है। कार्तिक पूर्णिमा में दान करने से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है। यदि आपने तिल, गुड़ आदि दान किया तो आपकी मानसिक पापों का निदान होता है। तिल आदि को एक पात्र में रखकर किसी आचार्य को देना चाहिए। इस दिन भगवान शिव, लक्ष्मी नारायण की पूजा करने से सिद्धियां प्राप्ति होती। कहते हैं यह पूर्ण तिथि है। 5, 10, 15 यह पुण्यतिथि है। यदि आप किसी कार्य की शुरुआत करना चाहते हैं, तो यह दिन बेहद अच्छा है। इस दिन सभी प्रकार के कामों की शुरुआत हो सकती है। इसमें सभी प्रकार की सिद्धियां मिलती हैं। कार्तिक का महीना और पूर्णिमा सभी प्रकार के पाप, कष्ट, रोगों का निदान का महीना होता है। यदि आपकी कुंडली में कोई दोष हो तो आप सभी प्रकार के पापों के नाश के लिए ग्रह पूजा करा सकते हैं। 24 नवंबर को 8:30 तक स्नान कर सकते हैं। शाम 5 से लेकर 5.52 तक चंद्रोदय होगा। इस दिन देव दीपावली है, इसलिए 15 दीपों का दान करना चाहिए।
कार्तिक पूर्णिमा को ये करें कार्य
सुबह-सुबह स्नान करना फलदायी रहता है। कार्तिक पूर्णिमा को भगवान शिव और चंद्रमा को अर्घ्य देना चाहिए। नदी- तालाबों में स्नान करना चाहिए। भगवान विष्णु-लक्ष्मी की पूजा करनी चाहिए। दान पुण्य करना चाहिए। तिल-गुड़ इत्यादि का दान करना चाहिए। चप्पल, जूते, साल, स्वेटर, लकड़ियां आदि का दान करना शुभ होता है। लोग अपनी इच्छा से दान करते हैं। दीपदान करते हैं। कहते हैं ये इकलौता पूर्णिमा होती है, जिसमें चंद्रमा को अर्घ्य दिया जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा को दीप जलाने का महत्व
कार्तिक पूर्णिमा पर दीपक जलाने का खास महत्व है। आज के दिन नदी, तालाब और मंदिर में दीपदान करना बेहद शुभ माना जाता है। ऐसे में अगर आप बाहर नहीं जा सकते हैं, तो कम से कम घर में मौजूद तुलसी के पास और पूजा घर में दीपक जलाना चाहिये। आज के दिन दीपक जलाने से घर में सुख-शांति और खुशहाली में वृद्धि होती है। सिख धर्म में भी यह दिन बेहद खास माना जाता है क्योंकि इस दिन गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा पूजा विधि
- कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर सुबह जल्दी उठकर नहाना चाहिए।
- इस दिन गंगा या किसी भी पवित्र नदी में नहाना शुभ है। अगर आपके लिए नदी में नहाना संभव न हो, तो घर पर पानी में थोड़ा-सा गंगा जल मिलाकर ही स्नान करना चाहिए।
- भगवान राम का नाम लेना बेहद शुभ माना जाता है।
- नहाने के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करें और भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें।
- फूल, फल, मिठाई और पीला वस्त्र चढ़ायें।
- गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन करायें।
- शाम के समय पूजा घर में और तुलसी माता के पास दीपक जलायें।
जानें शुभ मुहूर्त
- ब्रह्म मुहूर्त : सुबह 4:55 से 5:49 बजे तक
- अभिजीत मुहूर्त : सुबह 11:37 से दोपहर 12:19 बजे तक
- विजय मुहूर्त : दोपहर 1:44 से 2:26 बजे तक
- गोधूलि मुहूर्त : शाम 5:12 से 5:39 बजे तक
- अमृत काल : रात 9:16 से 10:42 बजे तक
- पूर्णिमा, रात 8:23 बजे तक
- नक्षत्र : कृत्तिका, रात 11:25 बजे तक
- योग : परिघ, शाम 4:06 बजे तक
- करण : विष्टि, सुबह 10:05 बजे तक
- सूर्योदय : सुबह 6:43 बजे
- सूर्यास्त : शाम 5:14 बजे
- चंद्रोदय : शाम 5 से 5.5 बजे