कांकेर के नाथियानवागांव में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पहचान और वाहन चालक की तलाश कर रही है।
कांकेर जिले के ग्राम नाथियानवागांव स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास सोमवार देर शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने तीनों को जिला कोमलदेव अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया और एक युवक का उपचार जारी है।
विज्ञापन
दोनों मृत युवकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जबकि घायल युवक के पैर में गहरी चोट है और उसका घुटना टूट गया है। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक बरामद की है, जो ग्राम खमढोड़गी की बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस तीनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है और देर शाम तक उनके परिजनों की तलाश जारी थी। हादसे का कारण बने अज्ञात वाहन चालक की तलाश भी की जा रही है।