कबीरधाम जिले के किसानों की समस्या को लेकर युवा कांग्रेस ने कलेक्टर गोपाल वर्मा को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन देने के बाद कार्यकर्ताओं ने सभी मांग को 15 दिन के भीतर पूरा करने को कहा है। मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे अश्विनी वर्मा, वाल्मिकी वर्मा ने बताया कि जिले में बिजली की समस्या जारी है। इस कारण किसानों को सिंचाई के लिए दिक्कत हो रही है। इसके अलावा लो वोल्टेज के कारण आम लोगों को परेशानी होती है। जिले की सभी समिति में खाद की समस्या है, इसे दूर किया जाए। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। प्रमुख चौक-चौराहों पर हो रही गौवंश की दुर्दशा का स्थायी निराकरण होना चाहिए।
नेशनल हाईवे व मुख्य मार्ग (कवर्धा–पोंड़ी) से सरकारी शराब की दुकान को हटाया जाए। ग्रामीण व किसानों की सुविधा के लिए प्रमुख मार्ग को शीघ्र पक्की सड़क में परिवर्तित किया जाए। किसानों को बोनस व शक्कर वितरण तत्काल प्रारंभ करे। शक्कर कारखाना परिसर में किसान सुविधा केंद्र (किसान भवन, स्नानागार, पानी टंकी, चबूतरा आदि) का निर्माण हो। कवर्धा विधानसभा के सभी सरकारी स्कूल में विषयवार पर्याप्त संख्या में शिक्षक की भर्ती की जाए। इसके अलावा अन्य मांग शामिल हैं।