21वीं सीनियर राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने कुल 14 पदक जीते है। इनमें 02 स्वर्ण, 04 रजत व 08 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर आज सोमवार को जिले के विजेता खिलाड़ियों ने कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा से मुलाकात की। श्री शर्मा ने सभी खिलाड़ी को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कबीरधाम जिले की यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गौरव की बात है, बल्कि इससे प्रदेश का भी मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए संकल्पित है, और भविष्य में भी सभी आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण व सुविधाए प्रदान की जाएंगी ताकि राज्य के युवा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और अनुशासन की भावना अनुकरणीय है। हमें गर्व है कि कबीरधाम जिले से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि वे इसी तरह मेहनत करते रहे, तो आने वाले वर्षों में वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कबीरधाम व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे। खिलाड़ियों ने भी डिप्टी सीएम श्री शर्मा के सहयोग व प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया व कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है।