पांडातराई नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ पार्षदों ने कलेक्टर को सौंपा आवेदन।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले की पंडरिया विधानसभा अंतर्गत आने वाले नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष फिरोज खान की कुर्सी खतरे में आ गई है। उनके खिलाफ एक बार फिर पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। पार्षदों ने कलेक्टर को आवेदन देकर अविश्वास प्रस्ताव की मांग रखी है। पिछले साल लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के दौरान महज एक वोट से अध्यक्ष अपनी कुर्सी बचा पाए थे। अब फिर से तालमेल नहीं बैठने के कारण पार्षद उनके खिलाफ हो चुके हैं। पार्षदों ने अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष के खिलाफ दिए आवेदन में पार्षदों ने बताया कि नगर के संकरीघाट वार्ड क्रमांक एक में सौन्दर्यीकरण के लिए करीब 18.70 लाख रुपए स्वीकृत हुए। नगर पंचायत अध्यक्ष ने ठेकेदार के साथ मिलकर अनियमितता बरती। अध्यक्ष फिरोज खान निर्धारित प्राक्कलन में बनाए सामग्री को न लगाकर अपने चहेते ठेकेदार के साथ मनमानी पूर्ण प्राक्कलन से बाहर डामरीकरण का कार्य किए बिना ही चार लाख रुपए आहरण कर लिया गया। निर्माण स्थल पर डामरीकरण का नामोनिशान नहीं है।
इन पार्षदों ने दिया है आवेदन
इस बार अविश्वास प्रस्ताव के लिए वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद फूलचंद साहू, वार्ड क्रमांक 3 की राजकुमारी चंद्रवंशी, वार्ड 4 के संतोष गेण्ड्रे, वार्ड 5 की सोनमत बाई साहू, वार्ड 7 की सविता पाटसकर, वार्ड 11 के जसबीर सलुजा, वार्ड 13 के दिनेश गुप्ता, वार्ड 14 की तीजन बाई गेण्ड्रे और वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद जानकी बाई डाहिरे ने आवेदन दिया है। नगर पंचायत में निर्वाचित पार्षदों की संख्या 15 है। वर्तमान में यहां कांग्रेस काबिज है। आवेदन देने वाले पार्षदों में 4 बीजेपी, एक निर्दलीय व 3 कांग्रेस के निष्कासित पार्षद शामिल है।