कबीरधाम जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने देर रात पिपरिया थाना और दशरंगपुर चौकी का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आमजन की शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निराकरण के निर्देश दिए।
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने शुक्रवार देर रात पिपरिया थाना और दशरंगपुर चौकी का औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे एसपी ने पुलिसिंग की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने रोजनामचा, ड्यूटी रजिस्टर, लंबित प्रकरणों और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। इसके अलावा थाना परिसर, बैरक, आवासीय भवन, शासकीय वाहन, हथियारों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रात्रिकालीन गश्त की व्यवस्था और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
एसपी यादव ने निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों से परिचय प्राप्त किया तथा कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला दायित्व आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, इसलिए हर अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि थाना या चौकी में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि पुलिस के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।