छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बीते तीन दिन यानि सोमवार से लेकर आज बुधवार तक तीन हत्या के मामले सामने आ चुके है। अब तीसरी हत्या सिंघनपुरी जंगल थाना अंतर्गत बामी गांव का है। गर्मी के कारण घर के बाहर परछी में सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की अज्ञात आरोपी ने जिंदा जलाकर हत्या कर दी। आग के धुएं से परिजनों की नींद खुली तब बुजुर्ग को जलते देखा।
इस वारदात के बाद बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद आज सुबह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची व पंचनामा के बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा है। घटना स्थल पर डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक की टीम को भेजा गया है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। जिले में यह घटना तीन दिनों में तीसरी हत्या है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग बेहद डरे हुए हैं। अब तक तीन हत्या मामले में पुलिस ने केवल पांडातराई थाना क्षेत्र के मामले के आरोपी को गिरफ्तार किया है। बीते सोमवार को पुलिस चौकी पोंड़ी के ग्राम प्रभाटोला व आज के हत्याकांड का अब तक कोई खुलासा नहीं हुआ है।