कबीरधाम पुलिस ने आज नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र का है। एएसपी पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि पीड़िता के पिता ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उनकी नाबालिग बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया है। इस मामले में धारा 137(2) बीएनएस, 6 पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान नाबालिग लड़की को तमिलनाडु के ग्राम आठिकाडू, थाना वेलागोंडमपट्टी, जिला नमक्कल से बरामद किया। पीड़िता ने पूछताछ में बताया कि आरोपी मुखराम धुर्वे उम्र 19 ने उसे बहला-फुसला कर शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म किया। फिर तमिलनाडु ले जाकर उसे अपनी पत्नी बताकर मजदूरी करा रहा था।
इस आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(एफ), 64(2)(एम) बीएनएस, 6 पाक्सो एक्ट का मामला दर्ज कर आज न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद एसपी ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि महिला व बाल अपराध में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। लोगों से ऐसे मामलों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।