कबीरधाम जिले में पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 74 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पंडरिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परिचित को असिस्टेंट मैनेजर/असिस्टेंट पोस्ट मास्टर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम ली और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ज्वाइनिंग का झांसा दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को सक्ती जिले के मल्दा कला से गिरफ्तार किया।
पहले पहचान का फायदा उठाकर दिया नौकरी का झांसा
पुलिस के अनुसार किशुनगढ़ निवासी नंदलाल चन्द्राकर ने 23 मई 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मल्दा कला निवासी पंकज टंडन (31) से उसकी पहले से जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने जनवरी 2024 में पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया।
इसके बाद आरोपी ने गूगल-पे के जरिए 60 हजार रुपये लिए। फिर 21 जून 2024 को 1 लाख 4 हजार रुपये और 22 जुलाई 2024 को ग्राम कापादाह में 1 लाख 10 हजार रुपये नकद लिए। इस तरह आरोपी ने कुल 2 लाख 74 हजार रुपये ले लिए।
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ज्वाइनिंग का भरोसा
रकम लेने के बाद आरोपी ने नौकरी के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र भी तैयार कर प्रार्थी को दिया। उसे चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम सैनगुड़ा में ज्वाइन करने का भरोसा दिलाया गया, लेकिन ज्वाइनिंग नहीं हुई और नौकरी भी नहीं मिली।
ग्रेटर नोएडा में रह रहा था आरोपी
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी वर्तमान में उत्तरप्रदेश के गौतमबुद्ध नगर स्थित ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। पुलिस ने तकनीकी और सूचना तंत्र की मदद से उसकी तलाश की और सक्ती जिले के मल्दा कला से उसे गिरफ्तार कर लिया।
ठगी की रकम निजी खर्च में उड़ाई
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम दिल्ली जाकर निजी खर्च में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ठगी में इस्तेमाल किए गए लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल और सिम को नष्ट करने या फेंकने की बात भी बताई। पुलिस ने बची हुई 2 हजार रुपये की रकम 14 सितंबर 2026 को गवाहों की मौजूदगी में जब्त की।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सक्ती जिले के मालखरौदा थाने में भी वर्ष 2024 में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज है।