कवर्धा के पीजी कॉलेज में यह कार्यक्रम हुआ
केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज सोमवार को पीजी कॉलेज कवर्धा में सहकारिता सप्ताह के समापन समारोह और कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश का सहकारिता आंदोलन नई दिशा और नई गति के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सहकारिता अब केवल समितियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। सरकार का लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सशक्त सहकारिता ही समृद्ध किसान और विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने से सहकारिता क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को भी गति मिली है।
कार्यक्रम में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल, विभिन्न सहकारी समितियों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कवर्धा के पीजी कॉलेज में यह कार्यक्रम हुआ
कवर्धा के पीजी कॉलेज में यह कार्यक्रम हुआ