पुलिस की गिरफ्त में केंद्र प्रभारी
- फोटो : अमर उजाला
पंडरिया ब्लॉक अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र कुकदूर में हुए गबन के गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी कुकदूर टीआई संग्राम सिंह ने बताया कि 16 जनवरी को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव शाखा कुकदूर के प्रबंधक आलोक मिश्रा ने एक लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त जांच दल द्वारा धान उपार्जन केंद्र कुकदूर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण में पाया गया कि विपणन वर्ष 2025-26 में 20 नवंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक कुल 43 हजार 598 क्विंटल धान खरीदा गया था। इसमें से केवल एक हजार 500 क्विंटल धान का ही उठाव हुआ था। इस हिसाब से 42 हजार 98 क्विंटल धान शेष होना चाहिए था। हालांकि, भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 41 हजार 470 क्विंटल धान ही पाया गया, जिससे 628 क्विंटल पतला धान की कमी पाई गई। इस कमी की अनुमानित कीमत 15 लाख 292 रुपये बताई गई है।
जांच में यह पाया गया कि उक्त अवधि के दौरान अमित बाजपेयी, पुत्र स्व. सुरेश बाजपेयी, उम्र 43 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 10 बैरागपारा पंडरिया, जिला कबीरधाम, धान उपार्जन केंद्र कुकदूर का प्रभारी था। उसके द्वारा शासन को आर्थिक हानि पहुंचाते हुए अमानत में खयानत की गई।
रिपोर्ट के आधार पर धारा 318(4) और 316(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान, प्रकरण से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए, प्रबंधक और जांच दल के सदस्यों के बयान दर्ज किए गए, और आरोपी से पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर, सोमवार 19 जनवरी को आरोपी अमित बाजपेयी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।