आज सोमवार को कवर्धा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हत्या का मामला सामने आया है। एक नशेड़ी युवक ने महिला के ऊपर रॉड से हमला कर दिया। इससे महिला की मौके पर मौत हो गई है। वहीं, पुलिस ने घटना के कुछ देर बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी कृष्णा चन्द्राकर ने बताया कि आज सोमवार दोपहर तीन बजे थाना कवर्धा क्षेत्रांतर्गत शंकर नगर, गोदना रिसॉर्ट के सामने एक महिला की हत्या हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतका विंध्या बाई छेदावी पति रामजी छेदावी, जो वर्तमान में राजू वैष्णव के साथ प्रथा विवाह में रह रही थी।
इसकी उम्र 50 वर्ष व पैरालिसिस से पीड़ित थी और शारीरिक रूप से असमर्थ थी। उनकी बेटी गायत्री धुर्वे,जो अपने पति मुकेश धुर्वे से विवाद के कारण पिछले चार वर्ष से अलग रह रही थी। वह मोहम्मद कासिम पिता मुनीर खान निवासी नवाब मोहल्ला कवर्धा के साथ रह रही थी। सेवा व देखभाल के उद्देश्य से गायत्री धुर्वे व मोहम्मद कासिम दोनों मृतका के साथ शंकर नगर में रह रहे थे। आज सोमवार दोपहर तीन बजे आरोपी मोहम्मद कासिम ने नशे में मृतका विंध्या बाई छेदावी के चेहरे के दाहिने ओर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।