कर्मचारियों से कान पकड़कर माफी मंगवाई
- फोटो : अमर उजाला
कबीरधाम जिले के कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बीते तीन जुलाई गुरुवार सुबह जिला पंचायत, जिला अस्पताल और करपात्री स्कूल में अचानक निरीक्षण कर कर्मचारियों की लापरवाही पर सख्तरुख अपनाया था। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत कवर्धा के कई कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं मिले, जिसके चलते कलेक्टर ने उन्हें फटकार लगाई और कुछ से सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर माफी मंगवाई। साथ ही, दर्जनभर कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। इस घटना के बाद 5 जुलाई को कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा के खिलाफ कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया था।मामले में छत्तीसगढ़ टीचर एसोसिएशन ने स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा के कार्यालय में लिखित में शिकायत दर्ज कराकर कलेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया था।
इसके अलावा राज्य स्तर पर भी कई कर्मचारी संगठन ने कलेक्टर के इस व्यवहार को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। लगातार हो रहे किरकिरी बाद कलेक्टर गोपाल वर्मा ने छग टीचर्स एसोसिएशन कबीरधाम की टीम को अपने बंगले बुलाकर चर्चा किया।छग टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ.रमेश चंद्रवंशी ने बताया कि चर्चा के दौरान कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कान पकड़वाने की घटना पर खेद जताया। 42 कर्मचारियों के नोटिस पर कार्रवाई नहीं करने की बात कही है। कलेक्टर के अनुरोध पर छग टीचर्स एसोसिएशन ने मामले को अब समाप्त कर दिया है। चर्चा में छग टीचर्स एसोसिएशन के आसकरण धुर्वे, उग्रसेन चंद्रवंशी, केशलाल साहू, गोकुल जायसवाल, देवानंद चंद्रवंशी, राजकिरण चंद्रवंशी, कैलाश शर्मा, नरेंद्र, चंद्रोल, राजू चंद्रवंशी उपस्थित रहे।