कबीरधाम जिले के पटवारी आज मंगलवार से हड़ताल पर चले गए है। इनके हड़ताल में जाने से ग्रामीण अंचल में राजस्व कामकाज ठप हो गया है। ऐसे में लोगों को राजस्व काम को लेकर भटकना पड़ रहा है। दरअसल, ये पटवारी मांग पूरी नहीं होने पर नाराज है।
इस संबंध में राजस्व पटवारी संघ के नेताओं ने बताया कि विभिन्न मांग व समस्या को लेकर बीते माह 19 सितंबर को ज्ञापन सौंपा गया था। लेकिन, अभी तक मांग को पूरा नहीं किया गया। यही कारण है कि आज एक अक्टूबर से तहसील क्षेत्र कवर्धा व पिपरिया के सभी पटवारी काम बंद कर हड़ताल में बैठ रहे हैं।
इनकी प्रमुख मांग गोपनीय चरित्रावली, समयमान वेतनमान, समयमान वेतनमान का एरियर्स, सातवें वेतनमान के लम्बित एरियर्स की राशि देने, एचआरए निर्धारण समेत अन्य मांग शामिल है। हालांकि, पटवारी संघ ने प्रशासन को 29 सितंबर तक मांग पूरी किए जाने का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद 30 सितंबर से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी। आज एक अक्टूबर से हड़ताल शुरू हो गया है। हड़ताल में जाने से पहले पटवारियों ने कवर्धा के राजस्व एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जानकारी दी है।