छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए कुछ माह बाकी हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन करने में लगे हैं। सोमवार को कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में जोगी कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया है। पंडरिया में आयोजित सभा के बाद अमित जोगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय का घेराव किया।
इस दौरान 23 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है। अमित जोगी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेरी लड़ाई छत्तीसगढ़ में भाजपा कांग्रेस से नहीं बल्कि गरीबी से है। मेरी सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ से गरीबी खत्म करने का विश्वास दिलाता हूं। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के हर एक परिवार को लखपति बनाकर ही दम लूंगा।
पंडरिया में जोगी कांग्रेस के सक्रिय युवा नेता रवि चंद्रवंशी ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए ऐतिहासिक दिन है। इतनी बड़ी संख्या में लोग बिना किसी लालच के परिवर्तन के संकल्प लेने के लिए पहुंचे हैं। सभा के बाद दोनों राष्ट्रीय दलों के नेताओं की पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में राज करने के सपनों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इस मौके पर 23 सूत्रीय मांग, जिसमें प्रमुख रूप से बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।