कबीरधाम जिले के थाना सिंघनपुरी जंगल पुलिस ने हत्या के आरोपी को मलैदा जंगल से गिरफ्तार कर जेल भेजने में सफलता प्राप्त की है। सिंघनपुरी जंगल टीआई अरविंद साहू ने बताया कि 8 सितंबर की शाम 6:30 बजे ग्राम बैगापारा भेंड्रानवागांव निवासी रामचरण बैगा उम्र 47 ने अपने ही गांव के शत्रुहन बैगा उम्र 42 को गांव से बाहर जाने की धमकी दी और जान से मारने की नीयत से हाथ, मुक्का से हमला कर दिया।
हमले से शत्रुहन बैगा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पर थाना सिंघनपुरी जंगल में मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया गया। मर्ग जांच में आरोपी रामचरण बैगा द्वारा हत्या किया जाना पाए जाने से थाना सिंघनपुरी जंगल में धारा 103(1) दर्ज कर विवेचना में लिया गया। घटना के बाद आरोपी फरार होकर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के मलैदा जंगल में छुपा हुआ था। थाना सिंघनपुरी जंगल की टीम ने साइबर सेल कबीरधाम की तकनीकी मदद से आरोपी का पता तलाश कर मलैदा जंगल से गिरफ्तार किया। इसके बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।