आज बुधवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने सरकार से महंगाई भत्ता समेत 13 सूत्रीय मांग को लेकर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर कोज्ञापन सौंपा है। संघ के कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे हुए थे। इस दौरान ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग केन्द्र व एमपी के कर्मचारियों, पेंशनरों को वर्तमान में 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्राप्त हो रहा है, जबकि राज्य के कर्मचारियों व पेंशनरों को 53 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्राप्त हो रहा है। केन्द्र व एमपी सरकार द्वारा जारी आदेश दिनांक से महंगाई भत्ता में 2 प्रतिशत की वृद्धि किया जाए। शिक्षकों के विसंगतिपूर्ण युक्तियुक्तकरण पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
केन्द्रीय कर्मचारियों व अविभाजित एमपी की भांति छग के कर्मचारियों को भी 240 दिन के स्थान पर 300 दिन का अवकाश नगदीकरण आदेश जारी किया जाए। शिक्षक/लिपिक समेत विभिन्न संवर्गो के वेतन विसंगति दूर करने गठित समिति का प्रतिवेदन यथाशीघ्र सार्वजनिक किया जाए। सभी संवर्ग के अधिकारी/कर्मचारियों को सेवाकाल में चार स्तरीय वेतनमान संबंधी आदेश शीघ्र जारी किया जाए। उत्तर प्रदेश की भांति छत्तीसगढ़ के अधिकारी/कर्मचारियों को केशलेस चिकित्सा व्यवस्था दी जाए। सभी संवर्ग के लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने निर्देश जारी किया जाए। संविदा, दैनिक, अनियमित कर्मचारियों को रिक्त पद पर नियमित किया जाए समेत अन्य मांग शामिल थे।