जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन के कार्य में गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमियां मिलने पर लोक निर्माण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने निर्माण में अनियमितता और लापरवाही के आरोप में उपसंभागीय अधिकारी रमेश प्रसाद सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस शासकीय भवन के निर्माण में तय मानकों की अनदेखी की जा रही थी।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता विजय कुमार भतपहरी ने निलंबन का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार बगीचा में बन रहे पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन का निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं कराया जा रहा था। कार्यस्थल पर गंभीर खामियां पाए जाने के बाद संबंधित अधिकारी पर यह सख्त कदम उठाया गया है।
विभाग ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निलंबित उपसंभागीय अधिकारी रमेश प्रसाद सिंह के विरुद्ध सात दिनों के भीतर आरोप पत्र तैयार किया जाए। इसके साथ ही मामले से जुड़े सभी प्रासंगिक दस्तावेज और साक्ष्य के रूप में सीडी प्रस्तुत करने के आदेश जारी किए गए हैं ताकि आगे की विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
करीब 10 करोड़ रुपये की लागत वाली इस शासकीय इमारत के निर्माण में अमानक कार्य सामने आने के बाद ठेकेदार पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार विनोद कुमार जैन की भूमिका को जांच के दायरे में रखा गया है और उनके खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की बात सामने आई है। करोड़ों रुपये के इस निर्माण कार्य में हुई गड़बड़ी ने विभागीय निगरानी तंत्र पर भी सवाल उठा दिए हैं।