जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तनौद के वार्ड नंबर 20 में मकान में प्रार्थना सभा आयोजित कर धर्मांतरण कराने और हिन्दू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पास्टर संजू दांडेकर उम्र 37 वर्ष निवासी लिमाही, जिला बलौदाबाजार और मोती सिंह उम्र 39 वर्ष निवासी किरारी शामिल हैं।
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि रविवार को ग्राम तनौद में प्रार्थना सभा की सूचना मिली थी, जिस पर हिन्दू संगठनों ने धर्मांतरण का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों पर हिन्दू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे। साथ ही हिन्दू देवी-देवताओं पर टिप्पणी की जा रही थी, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उनके खिलाफ मामला दर्जकर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है। एएसपी उमेश कश्यप ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ जांजगीर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।