मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा
- फोटो : अमर उजाला
जांजगीर-चांपा जिले के थाना चांपा क्षेत्र अंतर्गत बरपाली चौक स्थित रजा मोबाइल शॉप में हुई चोरी की वारदात का साइबर टीम और चांपा पुलिस ने मिलकर चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार सदस्यीय चोर गिरोह को गिरफ्तार कर 1.5 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप, मॉनिटर व अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
रियाज खान, निवासी तहसील रोड चांपा, ने 10 जून को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 9 जून की रात लगभग 9 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर गया था। अगली सुबह जब वह दुकान पहुंचा तो ताले टूटे हुए थे और दुकान से कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब थे। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।चांपा पुलिस और साइबर टीम ने मिलकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। फुटेज में चार संदिग्धों को रेलवे ट्रैक की ओर से आते और चोरी कर उसी रास्ते से भागते देखा गया।
मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध इमरान अंसारी, सुरेश उर्फ रानी यादव, दिलबर यादव और शिवम महंत को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने चोरी करना स्वीकार किया। सभी आरोपियों से मोबाइल फोन, लैपटॉप, मॉनिटर, व अन्य सामग्री जब्त की गई जिसकी कीमत करीब ₹1,50,000 आँकी गई है। आरोपियों का नाम ..सुरेश यादव पिता 22 साल भोजपुर ,दिलबर यादव 24 साल भोजपुर,शिवम महंत 22 साल साकिन बरपाली चौक,मोहम्मद इंमरान अंसारी 24 साल साकिन बरपाली चौक चांपा।