फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात समंदर पार वाला प्यार: जांजगीर की क्रिस्टीना ने नीदरलैंड के शिप कैप्टन से की शादी, जानें कैसी हुई मुलाकात

Sun, 18 Oct 2026 02:03 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जांजगीर-चांपा

सार

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के भुईगांव की रहने वाली क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड के 32 वर्षीय पेशेवर शिप कैप्टन क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम से कोर्ट मैरिज की है। दोनों की मुलाकात वर्ष 2024 में नीदरलैंड में संगीत सीखने के दौरान हुई थी।
विज्ञापन
जांजगीर की क्रिस्टीना ने नीदरलैंड के शिप कैप्टन से की कोर्ट मैरिज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के भुईगांव की रहने वाली क्रिस्टीना नथेनियल की प्रेम कहानी सात समंदर पार नीदरलैंड तक पहुंची और अब शादी के बंधन में बदल गई है। संगीत सीखने के दौरान नीदरलैंड में उनकी मुलाकात वहां के 32 वर्षीय पेशेवर शिप कैप्टन क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया। इसके बाद दोनों जांजगीर पहुंचे, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कोर्ट मैरिज की। विवाह अधिकारी ने तीन गवाहों की मौजूदगी में औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद उन्हें विवाह प्रमाण-पत्र सौंप दिया। विदेश में शुरू हुई इस प्रेम कहानी की चर्चा अब क्रिस्टीना के गांव में भी हो रही है।

जांजगीर में विवाह अधिकारी ने जारी किया प्रमाण-पत्र

क्रिस्टीना नथेनियल और नीदरलैंड के नागरिक क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम ने जांजगीर में कानूनी तौर पर विवाह किया। अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता ने तीन गवाहों की मौजूदगी में निर्धारित औपचारिकताएं पूरी कराईं। इसके बाद दोनों को विवाह प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। विवाह के दौरान क्रिस्टीना के पिता हनोक नथेनियल और सोनिया नथेनियल गवाह के रूप में मौजूद रहे।

17-18 साल पहले उत्तर प्रदेश से भुईगांव आकर बसा था परिवार

क्रिस्टीना के पिता हनोक नथेनियल ने बताया कि उनका परिवार करीब 17 से 18 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश से आकर जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ तहसील स्थित भुईगांव में बस गया था। वह पामगढ़ के राकेश जोशी के साइनिंग स्टार स्कूल से जुड़े रहे हैं और वर्तमान में विद्यालय के प्रशासन का काम संभालते हैं।

विज्ञापन

परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं। बड़े बेटे और बेटी का विवाह भारत में ही हुआ है, जबकि सबसे छोटी बेटी क्रिस्टीना ने अपनी बारहवीं कक्षा तक की पढ़ाई पामगढ़ से पूरी की। इसके बाद वर्ष 2024 में वह संगीत सीखने के लिए नीदरलैंड चली गईं। वहीं उनकी मुलाकात रिंगेपल शहर के रहने वाले क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम से हुई।

संगीत के साझा शौक ने बढ़ाई नजदीकियां

क्रिस्टीयान पेशे से शिप कैप्टन हैं और उन्हें गायन में भी रुचि है। उनके पिता विलेम डीर्क वरबूम शिप के मालिक हैं। संगीत के प्रति दोनों की समान रुचि ने उन्हें एक-दूसरे के करीब ला दिया। परिचय धीरे-धीरे प्यार में बदला और फिर दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया। क्रिस्टीयान चाहते थे कि उनकी जीवनसंगिनी भारतीय हों और विवाह भारत में ही हो। इसी इच्छा के आधार पर दोनों ने जांजगीर-चांपा पहुंचकर कानूनी रूप से शादी करने का फैसला किया। इसके बाद विवाह की प्रक्रिया पूरी की गई और दोनों को प्रमाण-पत्र मिल गया।

भुईगांव में चर्चा का विषय बनी विदेशी दूल्हे से शादी

भुईगांव की बेटी क्रिस्टीना का नीदरलैंड के नागरिक से विवाह करना स्थानीय ग्रामीणों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है। गांव में इस शादी की चर्चा हो रही है। संगीत सीखने के दौरान शुरू हुआ परिचय अब दोनों के जीवन की नई शुरुआत बन गया है।

पेंड्रा के अंकित साहू ने भी अमेरिकी युवती से की थी शादी

छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में विदेशी नागरिकों से विवाह का यह अकेला मामला नहीं है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंकित साहू ने भी अमेरिका की रहने वाली कायला से शादी की थी। दोनों ने अमरकंटक में भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह किया था। अब जांजगीर की क्रिस्टीना और नीदरलैंड के शिप कैप्टन क्रिस्टीयान की शादी भी चर्चा में है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें