फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सख्ती: सीएमएचओ पूजा अग्रवाल ने एमसीएच अस्पताल-पीएचसी का किया निरीक्षण, जताई नाराजगी

Sat, 18 Apr 2026 06:06 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, सक्ती

सार

सक्ती जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पूजा अग्रवाल ने एमसीएच अस्पताल सक्ती और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सकर्रा का सघन निरीक्षण किया।
विज्ञापन
जांच करते सीएमएचओ अधिकारी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सक्ती जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पूजा अग्रवाल ने एमसीएच अस्पताल सक्ती और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सकर्रा का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाओं में कमियां पाई गईं, जिस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

विज्ञापन


एमसीएच अस्पताल सक्ती में निरीक्षण के दौरान ओपीडी, प्रसव कक्ष, एनआरसी, लैब, टीकाकरण शाखा एवं विभिन्न वार्डों का गहन अवलोकन किया गया। सीएमएचओ ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, जालों की नियमित सफाई और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दवा वितरण कक्ष में पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा दवाइयों की कमी होने पर समय पर इंडेंट करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रसव कक्ष में बिना चिकित्सकीय परामर्श के रेफरल मामलों पर सीएमएचओ ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य किया। साथ ही हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) मामलों की पहचान, ट्रैकिंग और निगरानी को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, उचित आहार एवं दवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
विज्ञापन


ओपीडी में मरीजों के आभा आईडी निर्माण और सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के साथ ही नेक्स्टजेन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। टीकाकरण शाखा और चिकित्सक कक्ष में कूलर एवं वाटर कूलर जैसे संसाधनों की कमी को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए। लैब में आवश्यक जांच किट, विशेषकर मौसमी बीमारियों को देखते हुए विडाल टेस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा आगामी जनगणना और सुशासन तिहार को ध्यान में रखते हुए मेडिकल बोर्ड में अनावश्यक अवकाश नहीं देने के निर्देश भी जारी किए गए।

वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सकर्रा के निरीक्षण में साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष जताया गया और तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्टाफ के बीच समन्वय बढ़ाने तथा सभी रजिस्टर एवं सूचना बोर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

प्रसूति सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए एलएचवी को संस्थागत प्रसव में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संस्थागत प्रसव और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

सीएमएचओ ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए विशेष तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए। सीएमएचओ ने ओआरएस, आवश्यक दवाइयों और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समुदाय में जागरूकता बढ़ाने और लक्षण दिखने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्जुन सोनवानी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें