फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Janjgir-Champa News: दूसरी शादी के लिए पत्नी के इंकार से भड़का पति, टांगी से किया जानलेवा हमला, अब हिरासत में

Tue, 18 Aug 2026 11:59 AM IST
जांजगीर-चांपा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जांजगीर-चांपा

सार

दूसरी शादी करने की बात को लेकर पत्नी से विवाद के बाद पति ने टांगी से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। महिला के गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
पुलिस हिरासत में आरोपी पति - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी पति दूसरी शादी करना चाहता था और पत्नी पर घर छोड़कर जाने का दबाव बना रहा था। पत्नी ने घर छोड़ने से इंकार किया तो आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार टांगी से उसके सिर पर जानलेवा वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी टांगी को कमरे में छिपाकर मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया।

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार घटना 16 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे की है। जैजैपुर थाने में रामलाल सहीस ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक उसके पिता राजकुमार सहीस उसकी मां सुमन बाई को पसंद नहीं करते थे और अक्सर दूसरी शादी करने की बात को लेकर पत्नी से विवाद करते थे।

ये भी पढ़ें: CG: केंद्र की नीतियों के खिलाफ भाकपा का देशव्यापी आंदोलन, 1 सितंबर को दिल्ली में विशाल रैली
विज्ञापन


बताया गया कि आरोपी पिछले करीब पांच साल से पत्नी और परिवार से अलग व्यवहार कर रहा था। यहां तक कि वह घर में खान-पान भी नहीं करता था। घटना वाले दिन आरोपी ने सुमन बाई से घर छोड़कर चले जाने को कहा। महिला ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपी राजकुमार ने टांगी से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही जैजैपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की। पुलिस को मुखबिर से आरोपी के गांव के आसपास होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम भोथिया के बाहर घेराबंदी कर राजकुमार सहीस को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी पर हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में घायल महिला का उपचार जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें