नैला चौकी क्षेत्र में लिफ्ट देने के बहाने युवक से चाकू की नोक पर लूट और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक का मोबाइल लूटने के साथ ही उसके खाते से जबरन 4 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 15 हजार रुपये कीमत का लूटा गया मोबाइल, घटना में इस्तेमाल चाकू और पेचकस बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कन्हाईबंद निवासी मुकेश पटेल ने नैला चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे वह नैला स्थित देसी शराब दुकान पर गया था। वहां से मोटरसाइकिल से घर लौटते समय रास्ते में दो युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी। मुकेश ने दोनों को अपनी बाइक पर बैठा लिया।
कुछ दूर जाने के बाद दोनों युवकों ने बाइक रुकवाई और चाकू दिखाकर रुपये की मांग की। मुकेश के पास नकद पैसे नहीं होने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल के माध्यम से उसके खाते से जबरन 4 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: ओडिशा पुलिस पर गोली चलाकर भागा हिस्ट्रीशीटर, जगदलपुर में दबोचा गया
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद नैला चौकी पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदेह के आधार पर शरद कुमार सूर्यवंशी (23) और भानुप्रताप सूर्यवंशी (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने लूट और मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल चाकू और पेचकस बरामद कर जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।