जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बुचीहरदी में तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से 14 वर्षीय बालक आयुष यादव की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बालक साइकिल से सड़क पार कर रहा था। अनियंत्रित पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गया, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा मिली जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय आयुष यादव अपने बस्ती के घर से पेट्रोल पंप के पास स्थित अपने घर जाने के लिए साइकिल से निकला था। जैसे ही वह सड़क पार करने लगा, बलौदा से अकलतरा की ओर आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जोरदार टक्कर के बाद आयुष साइकिल सहित सड़क पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
पिकअप भी पलटी, दो सवार घायल इस भीषण हादसे में पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए। चेचिस से पूरा ढांचा बिखर गया। पिकअप वाहन में सवार दो लोग भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।
पुलिस ने दर्ज की मर्ग कायम, परिजनों को सहायता राशि घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक आयुष यादव के परिजनों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से परिजनों में शोक की लहर है।