छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में छोटे देवड़ा के जंगल में एक युवक का शव फांसी पर लटका हुआ मिला है। ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। शव काफी सड़ी-गली हालत में था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन दिन बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी तो पुलिस ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। मामला बकावंड थाना क्षेत्र का है।
थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास ने बताया की 25 मार्च की रात को गांव के कुछ लोगों ने जंगल में एक शव को पूरी तरह से सड़ी- गली हालत में देखा था। पुलिस ने शव को रस्सी से उतारकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेकाज भेजा। गुमशुदा लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन युवक के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। तीन दिनों तक परिजनों के इंतजार किया, लेकिन पता नहीं चलने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।