मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के सामने मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने नर्सिंग की छात्रा को अपने चपेट में ले लिया। इस घटना में छात्रा को चोट आई है। घटना की जानकारी लगते ही परपा पुलिस मौके पर पहुंच घायल को बेहतर उपचार के लिए मेकाज में भर्ती किया गया।
मामले के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि हेमलता बघेल 18 वर्ष तेलीमारेंगा जो कि मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के पीछे स्थित बोधनी देवी नर्सिंग कालेज में सेकेंड ईयर की छात्रा है। मंगलवार की सुबह अपनी स्कूटी पर सवार होकर नर्सिंग कॉलेज जा रही थी। तभी केशलूर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने हेमलता को अपने चपेट में ले लिया।
इस घटना में हेमलता को हाथ, पैर में चोट आई है। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक को पकड़ लिया गया। घायल को बेहतर उपचार के लिए परपा की पैट्रोलिंग वाहन से मेकाज अस्पताल पहुंचाया गया।