छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में गुरुवार को करंट लगने से बिजली विभाग के लाइनमैन की मौत हो गई। वह पेड़ पर गिरे बिजली के तार को हटाने के लिए गया था। इस दौरान तार जोड़ते समय चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पंचनामा कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामला दरभा थाना क्ष्रेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, दंतेवाड़ा के आवराभाटा निवासी रामधर साहनी (50) कई सालों से जगदलपुर के दरभा में रहता था और बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर कावारास ढोठापारा में बिजली के तार पर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। उसे ठीक करने के लिए साथियों के साथ पहुंचा था।
डाल हटाकर तार जोड़ रहा था, इसी दौरान उसे तेज झटका लगा और झुलसकर खंभे से नीचे गिर पड़ा। इससे उसके सिर और अन्य हिस्सों में चोट आ गई। लाइनमैन को उसके साथी दरभा के स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां उसकी हालत गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन उपचार के दौरान वहां उसकी मौत हो गई।