आवेदक का परिवाद प्रकरण संक्षेप में इस प्रकार है कि आवेदक ब्रजेश कुमार सिंह आत्मज जयनारायण सिंह निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ने अनावेदक शाखा प्रबंधक, यूनाईटेड इंडिया, इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड शाखा कार्यालय मिश्रा काम्पलेक्स शांति पैलेस सरला विला से अपने वाहन महिंद्रा एण्ड महिंद्रा कंपनी की मोटर कैब क्रमांक सीजी 13 एई 4920 तथा हार्स पावर 2225 केजी का पूर्ण रूप से चार दिसंबर 2018 से तीन दिसंबर 2019 तक के लिये विधिवत बीमा किया गया था।
आवेदक ब्रजेश कुमार सिंह के उक्त वाहन को वाहन चालक संजय यादव निवासी गौशाला पारा 06 मार्च 2019 की सुबह हंडी चैक के पास एक अज्ञात वाहन के द्वारा अपने वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए साईड से ठोकर मारकर दुर्घटनाग्रस्त कर मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। जिसके बाद वाहन चालक ने इस मामले की जानकारी ब्रजेश कुमार सिंह को दिया। जिसके बाद अनावेदक बीमा कंपनी के सर्वेयर द्वारा सर्वे कराकर वाहन को कंपनी के वर्कशाॅप में भेजे जाने का निर्देश दिया गया। उक्त वाहन सर्वेयर की देखरेख में मरम्मत किया गया। जिसमें उसे कुल 2 लाख 22 हजार 837 का व्यय हुआ।
बीमा कंपनी के द्वारा उसके बाद भी उसके वाहन का क्षतिपूर्ति राशि अदा न करने पर बाध्य होकर अपने अधिवक्ता जितेन्द्र सिंह ठाकुर के माध्यम से डाक नोटिस पांच जुलाई 2019 को भेजा गया। उक्त नोटिस आठ जुलाई 2019 को अनावेदक बीमा कंपनी को प्राप्त होनें के बाद बीमा कंपनी के द्वारा न तो नोटिस का जवाब दिया गया और न ही क्लेम की राशि भुगतान किया गया जो सेवा में कमी को दर्शाता है।
उक्त मामला उपभोक्ता फोरम रायगढ़ में सुनवाई के लिये आने के पश्चात जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग रायगढ़ के अध्यक्ष छमेश्वरलाल पटेल व सदस्य द्वय राजेन्द्र पाण्डेय एवं श्रीमती राजश्री अग्रवाल ने अनावेदक शाखा प्रबंधक, यूनाईटेड इंडिया, इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को सेवा में कमी का दोषी पाया जिसके बाद उक्त बीमा कंपनी को आवेदक ब्रजेश कुमार सिंह को क्षतिपूर्ति बकाया राशि दो लाख रुपये, मानसिक क्षति 10 हजार रुपये एवं वाद व्यय हेतु पांच हजार रूपये 45 दिनों के भीतर प्रदान करने का आदेश दिया है। उक्त अवधि तक राशि भुगतान न करने पर भुगतान की तिथि तक वार्षिक छह प्रतिशत की दर से ब्याज भी देय होगा।