CG Kagar Naxal Operation: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में देश का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन जारी है। इस ऑपरेशन का आज शनिवार को पांचवां दिन है। बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में 'ऑपरेशन कगार' को लेकर सुरक्षा बल ने नक्सलियों के सुरक्षित पनाहगार में घुसकर मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। दोनों तरफ से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। फोर्स ने अब तक करीब पांच नक्सली को ढेर कर दिया है, जिसमें महिला समेत तीन नक्सलियों के शव बरामद किये गये हैं। वहीं शनिवार को एक जवान नक्सलियों के बिछाये जाल में फंसकर आईईडी ब्लास्ट में घायल हो गया। जिसका इलाज चल रहा है।
देश के सबसे बड़े नक्सल ऑपरेशन से डरकर नक्सली कर्रेगुट्टा की पांच हजार फीट ऊंची पहाड़ी में छिपे बैठे हैं। बताया जाता है कि नक्सली यहां पर पूरी तैयारी के साथ घनी पहाड़ी में हैं। नक्सलियों ने पगडंडियों को छोड़कर चारों तरफ आईईडी का जाल बिछा रखा है। जिस पर पैर रखते ही काल के गाल में समा सकते हैं। ऐसे में उन तक पहुंचना जवानों के लिये टेढ़ी खीर है। फिर भी जवान पहाड़ी पर चढ़ने के लिये हरसंभव कोशिश कर रहे हैं और चढ़ाई भी शुरू कर दिये हैं। दूसरी ओर नक्सली भी जवानों को क्षति पहुंचाने के लिये हथियार समेत पूरी तैयारी के साथ बैठे हुए हैं। स्थिति वहां पर कारगिल की तरह नजर आ रही है। जवान नीचे की तरफ (जमीन) से होकर पहाड़ी पर चढ़ने की तैयारी में है तो दूसरी ओर नक्सली ऊंचाई पर छिपकर जवानों को नुकसान पहुंचाने के मूंसबों के साथ छिपे हैं। फोर्स के लिये भीषण गर्मी के बीच पहाड़ी पर चढ़कर नक्सलियों का सामना करना बड़ी चुनौती है। चट्टान गर्म होने से परेशानी और भी बढ़ जाती है। पांच हजार फीट ऊंची पहाड़ियों पर बैठे नक्सलियों तक पहुंचाने के लिए फोर्स पांच दिनों से लगातार पैदल चल रही है। डीआरजी, सीआरपीएफ, एसटीएफ, बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम इस बड़े ऑपरेशन में शामिल है।
तीन से चार हेलीकॉप्टर से निगरानी और तलाशी
करीब दस से 12 हजार जवान नक्सलियों के बड़े कैडर के शीर्ष लीडर्स समेत दो हजार नक्सलियों को पहाड़ी में ही घेर रखा है। माना जा रहा है कि सुरक्षा बल और नक्सलवाद के खिलाफ ये अंतिम लड़ाई है। करीब तीन से चार हेलीकॉप्टर से नक्सलियों की तलाश कर उनका खात्मा करने की कोशिश की जा रही है। पहाड़ी में लगातार 120 घंटों से सुरक्षा बल के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है।
40 से ज्यादा जवान की तबीयत खराब
दूसरी ओर भीषण गर्मी के बीच फोर्स के 40 से ज्यादा जवान डिहाइड्रेशन के शिकार हो गये हैं। उन्हें लू लग गई है। इलाज के लिये तेलगांना के पास के वेंकटापुरम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ में शामिल जवानों को पर्याप्त मात्रा में पानी और ग्लूकोज की सुविधा नहीं मिल रही है। इस वजह से वो हीट स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं। करीब 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच जवान पहाड़ी पर तैनात हैं।
पांच दिन से जारी है कर्रेगुट्टा में फोर्स-नक्सली मुठभेड़
इस वक्त बीजापुर के कर्रेगुट्टा के जंगलों में फोर्स और करीब दो हजार से ज्यादा नक्सलियों के बीच घमासान जारी है। इस ऑपरेशन में पांच हजार से ज्यादा जवान तैनात हैं। अब तक पांच नक्सली मारे जा चुके हैं, जिसमें तीन महिला नक्सली के शव मिल चुके हैं। वहीं कई नक्सलियों के ढेर होने की भी खबर है।
डीआरजी का जवान आईईडी की चपेट में आकर घायल
पांचवें दिन मुठभेड़ के लिए जा रहे डीआरजी का जवान आईईडी की चपेट में आकर घायल हो गया है। उसके पैर में चोट लगी है। उसे गलगम सीआरपीएफ कैम्प में लाया गया है। यहां जवान का प्राथमिक उपचार चल रहा है। जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉटर से बीजापुर लाने की तैयारी की जा रही है।