गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के घनौली जंगल में सड़क निर्माण कंपनी द्वारा अवैध मुरम उत्खनन किया गया। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर कार्रवाई और मशीन जब्ती की बात कही।
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में जंगलों में अवैध उत्खनन जोरों पर है। भारी जेसीबी मशीनों के जरिए जंगल की जमीन से मुरम और मिट्टी का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। ताजा मामला गौरेला वन परिक्षेत्र के घनौली ग्राम पंचायत के छुईलापानी बैगा पारा इलाके का है, जहां अपर आदिवासी और बैगा समुदाय के लोग रहते हैं।
विज्ञापन
यहां बीट क्रमांक 2328 में सड़क निर्माण के लिए अर्नव बिल्डकॉन बिजुरी कंपनी द्वारा जंगल से मुरम का अवैध उत्खनन किया गया। इस मुरम का उपयोग सड़क निर्माण में किया गया। सड़क निर्माण का कार्य लगभग पूरा होने के बाद ही स्थानीय वन विभाग को इसकी जानकारी मिली।
वन विभाग के डिप्टी रेंजर राजीव कुमार सिसोदिया ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर जांच शुरू कर दी गई है। वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी और उत्खनन में प्रयुक्त मशीनों को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू होगी। वहीं, मरवाही वन मंडल की डीएफओ ग्रीष्मी चांद ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी, लेकिन अब जानकारी लेकर विधिवत कार्रवाई की जाएगी।