बलरामपुर रामानुजगंज जिला मुख्यालय के ग्राम पंचायत भनौरा एवं उसके आश्रित ग्राम अधौरा से लगे वन भूमि पर अवैध रूप से कटाई एवं कब्जा करने की शिकायत स्थानीय ग्रामीण जनप्रतिनिधियों एवं वन अधिकार समिती अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य ग्रामीणों ने वनमंडलाअधिकारी से कर अतिक्रमण हटाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यहां लंबे समय से वनों की अवैध कटाई एवं वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण हो रहा है परंतु लगातार शिकायत करने के बाद भी कार्यवाही नहीं हो रही है जिससे वन भूमि पर अतिक्रमण नहीं रुक रहा है।
इस संबंध में वन अधिकार समिति भनौरा के सचिव संजीव गुप्ता ने बताया कि डीएफओ निवास के पीछे से बैका नदी तक करीब 300 एकड़ जमीन में अवैध रूप से लगातार वनों की कटाई की जारी है वही वनों में अवैध रूप से कच्चा मकान भी निर्माण किया जा रहा है। कई बार हम लोगों के द्वारा वन विभाग को मौखिक एवं लिखित में सूचना दी गई परंतु कार्यवाही नहीं होने कारण वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण नहीं रुक पा रहा है। ग्राम पंचायत भनौरा के सचिव अरविंद मिंज ने कहा कि ग्राम पंचायत को सामुदायिक वन अधिकार पट्टा मिला है उसके बाद भी वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण कटाई हो रहा है जो काफी चिंता का विषय है। वनमंडलाअधिकारी को ज्ञापन सौंपने के दौरान अरविंद मिंज, मधु कोडाकू, महमुद अंसारी, संजीव गुप्ता, दीपक गुप्ता, सीताराम, महादेव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
कई बार ज्ञापन सौप चुके हैं ग्रामीण
ग्रामीण जनप्रतिनिधियों में बताया कि वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए कई बार हम लोगों के द्वारा ज्ञापन सौपा जा चुका है परंतु वन विभाग के द्वारा अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है सिर्फ आश्वासन मिला है जिस कारण से वन भूमि पर अतिक्रमण का सिलसिला रूप नहीं रहा है अतिक्रमणकारियो के बदले बुलंद है। डीएफओ आलोक कुमार वाजपेई ने कहा वन भूमि पर यदि अवैध अतिक्रमण हुआ होगा तो उसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा इसकी जांच करवा लेता हूं।