विदेश में रहकर पत्नी को फोन पर तीन तलाक देने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दर्ज शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर रायपुर पहुंचाया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उसका पति रोजगार के लिए कई वर्ष पहले कुवैत चला गया था। विदेश में रहने के दौरान उसने परिवार से दूरी बना ली और पत्नी व बच्चों की जिम्मेदारियों से भी किनारा कर लिया। महिला का कहना है कि हाल ही में फोन पर हुई बातचीत के दौरान पति ने विवाद के बाद तीन बार तलाक बोलकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही और उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी भारत लौट आया है। तकनीकी निगरानी और सूचना तंत्र की मदद से उसका लोकेशन नागपुर में ट्रेस किया गया।
पुलिस टीम ने नागपुर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान आरोपी ने विरोध करने का प्रयास किया और पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। हालांकि टीम ने उसे काबू में लेकर रायपुर ले आई। जांच के दौरान एक और पहलू सामने आया है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के समय आरोपी की मां एक नाबालिग बच्ची को साथ लेकर वहां से चली गई। बच्ची और महिला का पता लगाने के लिए अलग से प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं उसने पत्नी और बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी से बचने के लिए इस तरह का कदम तो नहीं उठाया। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और पारिवारिक विवाद के पहलुओं की जांच जारी है।