राजधानी रायपुर के एक शासकीय विद्यालय से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूलों की आंतरिक सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

विज्ञापन
मामला मोवा क्षेत्र स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का बताया जा रहा है, जहां कक्षा के भीतर कुछ छात्र हाथों में धारदार हथियार लेकर मौजूद नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्र बेखौफ होकर चाकू लहराते हुए आपसी दबदबा बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि अन्य विद्यार्थी सहमे हुए चुपचाप अपनी सीटों पर बैठे हैं।
वीडियो के वायरल होते ही पंडरी थाना पुलिस हरकत में आई और स्कूल पहुंचकर संबंधित तीनों छात्रों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार तीनों छात्र नाबालिग हैं। प्राथमिक कार्रवाई के तहत उन्हें समझाइश दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। यह जांच का विषय बना हुआ है कि स्कूल परिसर में प्रतिबंधित वस्तु कैसे पहुंची, कक्षा के समय शिक्षक की मौजूदगी क्यों नहीं थी और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में चूक कहां हुई। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर मामले की पड़ताल जारी है।