रायपुर के टिकरापारा इलाके में देर रात एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर आरोपी आर्यन ठाकुर उर्फ हिमेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर के टिकरापारा इलाके में देर रात एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर आरोपी आर्यन ठाकुर उर्फ हिमेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार लोहे का चाकू भी बरामद किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक घटना 19 मई 2026 की रात करीब 12 बजे की है। बलराज शर्मा अपने दोस्त रितिक नंद के घर साहू मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर के पास गया हुआ था। खाना खाने के बाद वह घर के बाहर खड़ा था, तभी आरोपी वहां पहुंचा और उससे विवाद करने लगा। कुछ ही देर में आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू निकालकर हमला कर दिया।
हमले के दौरान बलराज ने हाथ से बचाव करने की कोशिश की, जिससे उसके दाहिने हाथ और कलाई में चोट आई। घटना के बाद पीड़ित ने टिकरापारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
विज्ञापन
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टिकरापारा थाना पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।