छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जेलों में क्षमता से अधिक कैदियों और अमानवीय परिस्थितियों पर जनहित याचिका की सुनवाई हुई। राज्य शासन ने बताया कि बेमेतरा में 500 कैदियों की ओपन जेल मई 2025 तक तैयार हो जाएगी।
प्रदेश की जेलों में क्षमता से अधिक कैदियों की भीड़ व उनके रहने की अमानवीय परिस्थितियों को लेकर बिलासपुर हाईकोर्ट में पेश जनहित याचिका की सुनवाई हुई। इस दौरान राज्य शासन ने हाईकोर्ट को बताया कि मई अंत तक बेमेतरा में ओपन जेल का निर्माण पूर्ण हो जाएगा। जून से इसे शुरू करने की कोशिश की जा रही है।
विज्ञापन
शासन की ओर से कहा गया कि बेमेतरा में 500 कैदियों की क्षमता वाले ओपन जेल निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। शासन के जवाब के बाद हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई जून 2025 में रखी है। इसके साथ ही शासन ने जवाब पेश करते हुए कहा है कि रायपुर और बिलासपुर में विशेष जेल बनाई जा रही है। रायपुर में चार हजार और बिलासपुर में 1500 बंदियों की क्षमता वाले जेल का निर्माण किया जा रहा है।
ओपन जेल और जेलों में क्षमता से अधिक कैदियों के मामले में शुक्रवार को सुनवाई हुई। राज्य शासन की ओर से कहा गया कि बेमेतरा में ओपन जेल का काम अंतिम चरण पर हैं और इसे मई तक पूरा कर लिया जाएगा। हाईकोर्ट ने रायपुर और बिलासपुर में सेंट्रल जेल विस्तार का काम चल रहा है, उसकी प्रगति क्या है के बारे में भी पूछा। डिवीजन बेंच ने अगली सुनवाई के दौरान विस्तृत जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई जून 2025 में रखी गई है।