लखनपुर में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी और बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे युवक को गंभीर चोटें आईं।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर में बुधवार को देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी और बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे युवक को गंभीर चोटें आईं।
विज्ञापन
घटना लखनपुर पेट्रोल पंप के सामने हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय ओमप्रकाश गुप्ता (निवासी–जटगा) के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुँची और पंचनामा कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस पर रोक लगाने और चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी चालक और वाहन की पहचान की जा सके। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे जटगा क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और स्पीड कंट्रोल के ठोस उपाय करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को टाला जा सके।