स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने डेंटल कॉलेज का किया निरीक्षण
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
Health Minister shyambihari Jaiswal: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज शुक्रवार को रायपुर डेंटल कॉलेज का दौरा किया। वहां की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उनका कुशलक्षेम जाना और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।
मंत्री जायसवाल ने अस्पताल प्रबंधन और अधिकारियों के साथ चर्चा कर मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और सहूलियत सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री को महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और चल रही योजनाओं की जानकारी दी। जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा के लिए कोई कमी न रहे और अस्पताल में सभी आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध हों।
स्वशासी समिति की बैठक में कलेक्टर दर पर भर्तियों को दी मंजूरी
डेंटल कॉलेज के स्वशासी समिति की बैठक स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा विभाग के संचालक प्रोफेसर डॉ. यूएस पैकरा, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. वीरेंद्र वाढेर समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
उपचार की पूर्व निर्धारित दरों की समीक्षा
बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने महाविद्यालय में उपचार की पूर्व निर्धारित दरों की समीक्षा की। भीषण गर्मी को देखते हुए मरीजों की सुविधा के लिए महाविद्यालय परिसर में सेंट्रल एयर कंडीशनिंग सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही महाविद्यालय की समस्याओं का निराकरण करने और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए कई निर्णय लिए गए। बैठक में कलेक्टर दरों पर विभिन्न भर्तियों को मंजूरी दी गई, जिससे आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी। स्नातकोत्तर छात्रों और इंटर्न्स ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर शिष्यवृत्ति बढ़ाने की मांग रखी, जिस पर श्री जायसवाल ने शिष्यवृत्ति बढ़ाने का आश्वासन दिया। कर्मचारी संघ और सफाई कर्मचारियों ने भी अपनी मांगें प्रस्तुत की, जिसे सुनकर मंत्री ने उन्हें पूरा करने का भरोसा दिलाया।बैठक से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव ने महाविद्यालय के सभी विभागों का निरीक्षण किया और इलाज के लिए आए मरीजों व उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।