गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 43 करोड़ 10 लाख 14 हजार रुपये की लागत के 37 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें भूमिपूजन के 32 करोड़ 38 लाख 10 हजार रुपये की लागत के 30 कार्य और 10 करोड़ 72 लाख 04 हजार रुपये की लागत के 7 लोकार्पण कार्य शामिल हैं।
प्रदेश के स्वास्थ्य व जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अपने एक दिवसीय दौरे पर मरवाही विकासखंड के ग्राम पंचायत तेंदूमूड़ा पहुंचे। यहां पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में पूजा अर्चना के साथ विधिवत् भूमि पूजन किया। इस दौरान मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आने वाले 13 दिसंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के
सुशासन का एक साल पूरा हो रहा है। इस अवधि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने केबिनेट की पहली बैठक में 18 लाख आवासहीन परिवारों को आवास दिया। उन्होंने किसानों को दो साल का बकाया बोनस, 3100 रूपए क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक-एक हजार रुपये देने, तेंदुपत्ता प्रति मानक बोरा 5500 रुपये करने, पीएससी घोटाले की निष्पक्ष जांच एवं पारदर्शी भर्ती, रोजगार के क्षेत्र में विशेष पहल, आयुष्मान कार्ड से 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज सहित सरकार की पिछले एक साल की उपलब्धियों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जीरो टारलेंस की सरकार चला रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए कहा कि यह मेरा पहला दायित्व है। उन्होंने मरवाही में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 3 करोड़ रूपए और जिला चिकित्सालय के लिए 35 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों के बेहतर उपचार के लिए पिछले एक साल के भीतर जिले में 12 विशेषज्ञ डॉक्टर की पदस्थापना की गई है। उन्होंने जिलेवासियों से कहा कि चिंता मत करिए, विधायक लगातार क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भूमि पूजन हुए कार्यों को ठेकेदारों से जल्द से जल्द कराने को कहा है। मंत्री जायसवाल ने आज जिले में 43 करोड़ 10 लाख 14 हजार रुपये की लागत के 37 विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें भूमि पूजन के 32 करोड़ 38 लाख 10 हजार रुपये की लागत के 30 कार्य और 10 करोड़ 72 लाख चार हजार रुपये की लागत के सात लोकार्पण कार्य शामिल हैं।