अभियान का पहला तिरंगा कीर्ति चक्र से सम्मानित अमर शहीद जवान सोढ़ी नारायण के घर पहुंचकर उनके परिजनों को सौंपा गया। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने शहीद के परिवार से मुलाकात कर उनका सम्मान किया।
बीजापुर जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्र सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का पहला तिरंगा कीर्ति चक्र से सम्मानित अमर शहीद जवान सोढ़ी नारायण के घर पहुंचकर उनके परिजनों को सौंपा गया। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने शहीद के परिवार से मुलाकात कर उनका सम्मान किया।
विज्ञापन
कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे शहीद सोढ़ी नारायण के निवास पहुंचे। अधिकारियों ने परिवार को तिरंगा भेंट किया और शहीद के राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने शहीद की पत्नी और उनकी दोनों बेटियों से बातचीत कर परिवार का हालचाल जाना। इस दौरान परिजनों ने जिले में बदले माहौल और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अपनी भावनाएं साझा कीं।
शहीद के परिजनों ने बताया कि उनका मूल गांव उसूर विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित है। पहले सुरक्षा परिस्थितियों के कारण वहां जाना मुश्किल था। जिले में नक्सल गतिविधियों में कमी और बदले हालात के बाद परिवार दो बार अपने पैतृक गांव जा चुका है। परिजनों ने इसे भावुक और यादगार अनुभव बताते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति का माहौल बनना उनके लिए विशेष खुशी की बात है।
विज्ञापन
शहीद की बड़ी बेटी बीएससी की पढ़ाई कर रही हैं और आगे एमएससी करने की तैयारी में हैं। वहीं छोटी बेटी एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं और कानून के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की इच्छा रखती हैं। कलेक्टर विश्वदीप ने परिवार को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन आगे भी शहीद के परिवार के साथ खड़ा रहेगा और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने शहीद के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शहीद सोढ़ी नारायण के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को नमन किया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, एसडीएम जागेश्वर कौशल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी बंशीलाल नुरुटी, वार्ड पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।