गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी ग्रीन क्रेडिट योजना के तहत कराए गए वृक्षारोपण कार्य में लगे मजदूरों को अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं मिल सका है। भुगतान में हो रही देरी से नाराज मजदूर शुक्रवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ वन मंडल कार्यालय मरवाही पहुँचे और अपनी समस्या अधिकारियों को बताई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, 100 से अधिक मजदूरों ने पिछले छह माह से वन परिसर नेवरी के कक्ष क्रमांक-2203 में स्टेकिंग, साफ-सफाई, खाद डालना, फेंसिंग, पौधारोपण, छिलाई, पौधा ढुलाई और गड्ढा खुदाई जैसे कार्य किए हैं। इसके बावजूद अब तक लगभग 7.5 लाख रुपये की मजदूरी बकाया है।
मजदूरी न मिलने से मजदूरों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने वन मंडल अधिकारी ग्रीष्मी चांद को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की। अधिकारियों ने मजदूरों को दीपावली से पूर्व भुगतान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया, ताकि वे अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें। मजदूरों का कहना है कि भुगतान न मिलने से उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है और दीपावली जैसे बड़े पर्व पर परिवार की आवश्यक जरूरतें पूरी करने में कठिनाई हो रही है।