धमतरी में 'शिक्षण उत्सव' का भव्य आयोजन
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के शिक्षकों में नवाचार और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हरदीहा साहू समाज भवन में 'शिक्षण उत्सव- धमतरी' का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन, एचएसबीसी इंडिया और ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। एक शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि समाज को दिशा भी देता है। उन्होंने जिले में 'टीम विनोबा' के समर्पण और सहयोग की भावना की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों को एक-दूसरे के कार्यों से सीखने और साझा करने की आदत विकसित करनी चाहिए।
कलेक्टर मिश्रा ने 'विनोबा ऐप' को शिक्षकों को जोड़ने और प्रेरित करने का एक अभिनव माध्यम बताते हुए कहा कि यह मंच शिक्षा क्षेत्र में नवाचार और सामूहिक विकास को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने 'शिक्षण उत्सव' के प्रभावशाली आयोजन के लिए 'टीम विनोबा' के सदस्यों की सराहना की।
इस अवसर पर जिले के शीर्ष तीन क्लस्टर – सेहराडबरी, पचपेड़ी और डोंगरडुला को कलेक्टर के हाथों सम्मानित किया गया। साथ ही, जिले के 18 सक्रिय शिक्षकों को उनके नवाचार और उत्कृष्ट शिक्षण कार्यों के लिए मोमेंटो प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में ओपन लिंक्स फाउंडेशन द्वारा देशभर में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की गई। वर्तमान में 'विनोबा कार्यक्रम' देश के 36 जिलों में 1.90 लाख शिक्षकों और 42 लाख से अधिक विद्यार्थियों तक पहुँच बना चुका है।