छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन आज मंगलवार को राजभवन में राज्य के सभी शासकीय विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्य एवं अन्य कार्यो की समीक्षा कर रहे हैं। इसमें सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को बुलाया गया है। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सभी शासकीय कर्मचारी भी मौजूद हैं।
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन की स्थिति, नैक (नेशनल एसेसमेंट एंड एक्रेडिटेशन कौंसिल) की ओर से विश्वविद्यालयों एवं संबंद्ध महाविद्यालयों के मूल्यांकन की स्थिति, ग्रेडिंग और संस्थानों के नेक ग्रेडिंग सुधारने के लिए किये जा रहे प्रयासों की समीक्षा हो रही है। साथ ही विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति आदि की भी समीक्षा की जा रही है।
बैठक में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय और अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थाओं के मध्य हुए एमओयू, अकादमिक सत्र के पालन, परीक्षाओं एवं परिणाम के समय पर जारी करने के संबंध में एवं विश्वविद्यालयों के कराए गए विशेष अनुसंधान, नवाचार आदि की जानकारी भी ली जाएगी।