मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की कथित पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराएं जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम माटियाडाड़ में मारपीट की एक घटना ने युवक की जान ले ली। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे युवक की कथित पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, मृतक की बहन बृस्पतिया बाई ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका भाई रामकुमार चौधरी मानसिक रूप से अस्वस्थ था। वह लोगों को पहचानता था, लेकिन उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी।
शिकायत के मुताबिक, 29 जुलाई की सुबह गांव के गोपी और परमेश्वर उसके घर पहुंचे और रामकुमार के बारे में पूछताछ करते हुए उस पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। इस दौरान बृस्पतिया बाई ने दोनों को समझाने का प्रयास किया और खेत चली गई।
विज्ञापन
आरोप है कि उसके जाने के बाद दोनों ने रामकुमार के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों तथा पत्थर से उसकी पिटाई कर दी। हमले में उसके सिर, चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घायल रामकुमार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।
पेंड्रा थाना प्रभारी आर.एस. सेंगर ने बताया कि पहले दर्ज शिकायत के आधार पर मामला कायम किया गया था। अब युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में आवश्यक धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।