गौरेला थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जिसमें दो सगी बहनें घर के पास खेलते-खेलते तालाब पहुंच गईं और तालाब में डूब गईं। हादसे में एक बहन की मौत हो गई, जबकि दूसरी को एक युवक ने डूबने से बचा लिया। मामले में गौरेला पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है।
मामला गौरेला थाना क्षेत्र के नेवरी नवापारा गांव का है, जहां पर रहने वाले दिनेश राठौर की दो बेटी निधि चार साल और आरती पांच साल घर में थी। दोनों घर के पास खेल रही थीं कि अचानक घर से महज 200 मीटर दूर खेलते-खेलते तालाब पर पहुंच गईं और तालाब में उतर गईं। इसी दौरान गांव का एक युवक तालाब के पास पहुंचा तो उसकी नजर डूब रही आरती पर पड़ी। उसने बिना देरी किए आरती को तालाब से बाहर निकाला और परिजन उसे अस्पताल लेकर आ गए। जब घर के लोगों को निधि भी नहीं दिखाई दी, इसके बाद ग्रामीण और घर के अन्य परिजन निधि को खोजने लगे और तालाब के पास जाकर देखा तो पता चला कि निधि का शव तालाब में उतराता हुए देखा।
इसके बाद उसे भी लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने निधि को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरती को खतरे से बाहर बताया है। वहीं चार साल की निधि की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। वहीं अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर गौरेला पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।