गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 15 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य आयोजन से पहले गुरुवार को पेंड्रारोड के गुरुकुल खेल मैदान में अंतिम पूर्वाभ्यास कराया गया। इस दौरान अधिकारियों ने समारोह की पूरी रूपरेखा को मौके पर परखा और अलग-अलग जिम्मेदारियों की समीक्षा की।
इस बार जिला मुख्य समारोह में तखतपुर विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण और मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन होगा। रिहर्सल के दौरान इन सभी गतिविधियों को क्रमवार दोहराकर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया गया।
पूर्वाभ्यास में पुलिस तथा विभिन्न विभागों की प्लाटूनों ने मार्च पास्ट किया। प्लाटून कमांडरों का परिचय, तीन राउंड हर्ष फायर सहित परेड से जुड़ी अन्य गतिविधियों को भी मुख्य समारोह की तर्ज पर कराया गया। कार्यक्रम में खुले आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े जाएंगे। इसके अलावा स्कूलों के विद्यार्थी देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
अंतिम रिहर्सल के दौरान पुरस्कार वितरण, फोटो सेशन और मंच संचालन से लेकर कार्यक्रम के पल-पल के संचालन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, मंच व्यवस्था, परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जुड़ी तैयारियों का निरीक्षण किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को समारोह के दौरान सौंपे गए दायित्वों का निर्धारित समय पर पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मुख्य आयोजन में किसी तरह की परेशानी न हो।
अंतिम पूर्वाभ्यास में पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेंड्रारोड समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य समारोह को अनुशासित, भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करना है।