गौरेला पेंड्रा मरवाही में अलाव के पास आग सेकते समय छह वर्षीय दिव्यांशी ओट्टी के कपड़ों में आग लग गई। बच्ची लगभग 30 प्रतिशत झुलसी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में ठंड से बचने के लिए जलाए गए अलाव से सुबह बड़ा हादसा हो गया। खेरवा टोला निमधा की रहने वाली छह वर्षीय दिव्यांशी ओट्टी आग सेकते समय अचानक कपड़ों में लगी चिंगारी की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार दिव्यांशी ओट्टी, पिता अरविंद सिंह ओट्टी, सुबह मोहल्ले में जल रहे अलाव के पास अन्य बच्चों के साथ आग सेक रही थी। इसी दौरान अचानक उसके कपड़ों में आग भड़क उठी। बच्ची की चीखें सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। तब तक बच्ची बुरी तरह झुलस चुकी थी।
परिजन बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसके छाती, पैर और कमर के हिस्सों में जलन अधिक है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उपचार जारी है। स्थानीय लोगों ने ठंड के मौसम में अलाव के पास बच्चों पर निगरानी रखने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।