गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में दोपहर बाद अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ है। यहां तेज गर्जना के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। अचानक आई बारिश की वजह से लोग जहां के तहा खड़े रह गए। मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 19 सितंबर को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने बारिश की कोई चेतावनी नहीं दी थी। बावजूद अचानक कम दबाव का सिस्टम बनने के बाद गौरेला पेंड्रा मरवाही सहित आसपास के अन्य जिलों में दोपहर बाद तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। लोग बिना तैयारी के तीज त्यौहार की खरीदी में घरों से बाहर निकले हुए थे। तभी अचानक बारिश आने के बाद लोग जहां के तहां घंटों खड़े रह गए।
यहां बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश पूरी रात और 19 सितंबर तक जारी रहेगी। बीते तीन दिनों से बारिश रुक सी गई थी और मौसम में भारी उमस और गर्माहट बढ़ गई थी। परंतु मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं दिख रही थी।
लेकिन अचानक कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण दोपहर बाद काले बादल मंडराने लगे और भीषण बारिश शुरू हो गई। पहाड़ी इलाका होने के कारण कहीं भी जाम या जल भराव की स्थिति नहीं बनी। सड़कों पर बारिश स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। नगरी इलाकों में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई हैं। वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का यह प्रभाव अब मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देगा।